आद्रा रेल मंडल ने धूमधाम से मनाया 77वाँ गणतंत्र दिवस”
चांडिल दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में भारत का 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री मुकेश गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, प्रेस प्रतिनिधियों एवं उपस्थित जन समूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा उन्हे सम्बोधित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए शून्य दुर्घटना के लक्ष्य पर बल दिया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान अर्जित राजस्व उपलब्धियों तथा अवसंरचना विकास कार्यों जैसे नए अंडरपास, रोड ओवर ब्रिज, रेलपथ नवीकरण एवं यार्डों की क्षमता वृद्धि की जानकारी दी। यात्री सुविधाओं एवं कर्मचारी कल्याण से जुड़ी विभिन्न पहलों पर भी प्रकाश डाला।
इस समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभागीय झांकियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। मंडल सांस्कृतिक टीम तथा SER MHSS सहित अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुतियों के साथ-साथ वाणिज्य, कार्मिक, अभियांत्रिकी, यांत्रिक, चिकित्सा, सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन तथा विद्युत (सामान्य) विभागों द्वारा प्रदर्शित झांकियों ने विशेष आकर्षण बटोरा। इन झांकियों के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा अपने कार्यों, उपलब्धियों एवं जनसेवा से जुड़ी पहलों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
अपने संबोधन के अंत में मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि आद्रा मंडल सुरक्षित, सुगम एवं कुशल रेल परिचालन, राजस्व वृद्धि, कर्मचारी कल्याण तथा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।

0 Comments