राज्यव्यापी नशा मुक्ति जागरूकता अभियान कार्यक्रम।
चांडिल राज्यव्यापी नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न प्रखंडों में आयोजित किए गए जन जागरूकता कार्यक्रम।
निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध राज्य सरकार द्वारा 10 जून से 26 जून, 2026 तक संचालित राज्यव्यापी जागरूकता अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला स्वास्थ्य समिति, सरायकेला-खरसावां द्वारा विभिन्न प्रखंडों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के प्रथम दिन गम्हरिया, चांडिल, नीमडीह एवं ईचागढ़ प्रखंडों में स्वास्थ्य कर्मियों को "नशा मुक्त झारखंड" के संकल्प के साथ नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। इसके उपरांत प्रभात फेरी एवं जागरूकता रैली के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु जनसहभागिता का आह्वान किया गया।
सभी संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री प्रदर्शित की गई तथा लोगों को निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार के निषिद्ध मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति को गंभीर एवं असाध्य बीमारियों की ओर ले जाता है। इसके साथ ही नशे की लत व्यक्ति एवं उसके परिवार को आर्थिक, सामाजिक एवं मानसिक समस्याओं से भी प्रभावित करती है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
अभियान के अगले चरण में शेष प्रखंडों में भी जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण एवं आईईसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में दिनांक 11 जून, 2026 को सदर अस्पताल, सरायकेला से एक बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा तथा अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
इस अवसर पर संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

0 Comments