महाशिवरात्रि पर दलमा पहाड़ में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

शांति व्यवस्था को लेकर प्रशासन से सहयोग की मांग


चांडिल:महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर दलमा पहाड़ की चोटी पर स्थित प्रसिद्ध दलमा पाठ शिव थान में रविवार, 15 फरवरी को भव्य पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर झारखंड समेत ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर दलमा क्षेत्र में अभी से धार्मिक उत्साह और चहल-पहल का माहौल देखा जा रहा है।

महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराने को लेकर दलमा पाठ शिव थान सेवा समिति की ओर से अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल को एक लिखित आवेदन सौंपा गया है। आवेदन के माध्यम से समिति ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।

सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष महाशिवरात्रि के दिन दलमा पहाड़ पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। दूर-दराज से आने वाले भक्तजन कठिन पहाड़ी रास्तों को पार कर शिव थान पहुंचते हैं और जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। ऐसे में पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचाव के लिए प्रशासनिक सहयोग अत्यंत आवश्यक हो जाता है।

समिति ने विशेष रूप से पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने की मांग की है। साथ ही महिला श्रद्धालुओं एवं बुजुर्ग भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

सेवा समिति के सदस्यों ने विश्वास जताया है कि प्रशासन द्वारा समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, भक्ति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सकेगा। इस अवसर पर सेवा समिति के वरिष्ठ सदस्य राधेश्याम भूमिज, दलमा टाइगर सुकलाल पहाड़िया सुशेन सिंह सरदार देवनाथ सिंह सरदार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

महाशिवरात्रि को लेकर पूरे दलमा क्षेत्र में धार्मिक उत्साह चरम पर है और शिवभक्तों में इस पावन पर्व को लेकर विशेष उल्लास देखा जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments

close