गृह रक्षा वाहिनी बहाली परीक्षा की अंतिम तैयारियों का उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मैदान एवं परिसर में की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा स्थल पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यकतानुसार पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना की जाए, ताकि संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके।
इसके साथ ही मैदान परिसर में वाटरप्रूफ पंडाल की व्यवस्था, अभ्यर्थियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मात्रा में पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता, तथा दौड़ ट्रैक सहित मैदान की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं इस प्रकार की जाएं कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया क्रमबद्ध, सुव्यवस्थित एवं निर्धारित समयावधि के भीतर संपन्न हो सके तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने कहा कि अभ्यर्थियों के पंजीकरण, परीक्षण एवं अन्य सभी प्रक्रियाओं से संबंधित डेटा एंट्री एवं अभिलेख संधारण (रिकॉर्ड मेंटेनेंस) शून्य त्रुटि के साथ किया जाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि चयन प्रक्रिया पूरी तरह सटीक एवं पारदर्शी रहे।
सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्र बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला परिसर में केवल अभ्यर्थियों को ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अभ्यर्थियों के साथ आने वाले परिजनों को निर्धारित स्थल से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
निरीक्षण उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर प्रातः 3:00 बजे से अनिवार्य रूप से तैनात रहेंगे तथा परीक्षा प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों के साथ सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि संपूर्ण बहाली प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाए। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा परीक्षा संचालन से संबंधित प्रत्येक चरण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, निरीक्षक गृह रक्षा वाहिनी एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
परीक्षा में कुल 888 अभ्यर्थियों में से 587 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जिनमें 401 पुरुष एवं 186 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं, जबकि 301 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
शारीरिक दक्षता परीक्षा अंतर्गत दौड़ में कुल 199 अभ्यर्थी सफल हुए, जिनमें 42 पुरुष एवं 157 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।

0 Comments