इचागढ़ प्रखंड के अभ्यर्थियों हेतु शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा का आयोजन सम्पन्न
सरायकेला–खरसावाँ जिला अंतर्गत गृह रक्षक नव नामांकन हेतु आयोजित शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा कार्यक्रम के तहत दिनांक 23 मार्च 2026 को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में इचागढ़ प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों तथा दिनांक 24 मार्च 2026 को पुरुष अभ्यर्थियों द्वारा शारीरिक दक्षता जाँच सह लिखित परीक्षा में भाग लिया गया।
इचागढ़ प्रखंड के लिए कुल 1535 अभ्यर्थियों (492 महिला एवं 1043 पुरुष) द्वारा आवेदन किया गया था। इनमें से दिनांक 23 मार्च 2026 को आयोजित परीक्षा में 492 महिला अभ्यर्थियों में से 316 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि दिनांक 24 मार्च 2026 को आयोजित परीक्षा में 1043 पुरुष अभ्यर्थियों में से 645 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंतर्गत आयोजित दौड़ में कुल 253 महिला एवं 87 पुरुष अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए।
दिनांक 23 एवं 24 मार्च 2026 को आयोजित शारीरिक दक्षता जाँच सह हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा के क्रम में दौड़ में उत्तीर्ण तथा तदोपरांत अगले चरण (ऊँची कूद/लंबी कूद/शॉट पुट/हिंदी लेखन परीक्षा) में अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के आधार पर उत्तीर्ण/अनुत्तीर्ण अभ्यर्थियों के अर्जित अंकों के अनुसार औपबंधिक अंक पत्र तैयार किया गया है, जिसे अभ्यर्थियों की जानकारी हेतु जिला की आधिकारिक वेबसाइट seraikela.nic.in पर अपलोड किया जा रहा है।
उक्त औपबंधिक अंक पत्र केवल सूचना के उद्देश्य से सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध कराया जा रहा है। इसे किसी भी रूप में अंतिम मेधा सूची नहीं माना जाए। अंतिम मेधा सूची गृह रक्षक नव नामांकन हेतु आयोजित परीक्षा प्रक्रिया के पूर्ण होने के उपरांत सभी प्रखंडों एवं श्रेणियों के लिए एक साथ प्रकाशित की जाएगी।

0 Comments