जनगणना–2027 के क्रियान्वयन हेतु उपायुक्त ने नागरिकों से स्व-गणना सहित अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील। सरायकेला–खरसवां

जनगणना–2027 के क्रियान्वयन हेतु उपायुक्त ने नागरिकों से स्व-गणना सहित अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील।
सरायकेला–खरसवां।

चांडिल,भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर अभियान अंतर्गत संचालित गतिविधियों से पत्रकारों को कराया अवगत।

जनगणना–2027 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु उपायुक्त ने नागरिकों से स्व-गणना सहित अभियान में सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग की अपील।
सरायकेला–खरसावाँ: उपायुक्त -सह- प्रधान जनगणना पदाधिकारी नीतिश कुमार सिंह द्वारा समाहरणालय स्थित सभागार में भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि जनगणना–2027 दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य दिनांक 16 मई से 14 जून 2026 तक किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण अंतर्गत जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में प्रस्तावित है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस बार जनगणना पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी, जिसमें प्रगणक एवं पर्यवेक्षक डिजिटल उपकरणों के माध्यम से आंकड़े संकलित कर सीधे केंद्रीय सर्वर पर अपलोड करेंगे। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए 01 मई 2026 से 15 मई 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिसके तहत आमजन se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

उपायुक्त द्वारा अवगत कराया गया कि मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के दौरान आमजन से परिवार एवं आवास से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित की जाएंगी, जिनमें परिवार के सदस्यों का विवरण, शैक्षणिक स्थिति, उपलब्ध संसाधन (टीवी, इंटरनेट, वाहन आदि) एवं अन्य आधारभूत जानकारी शामिल है। इन आंकड़ों का उपयोग सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन में किया जाता है।

जिले में इस कार्य के सफल क्रियान्वयन हेतु कुल 12 चार्ज (03 शहरी एवं 09 ग्रामीण) का गठन किया गया है तथा कुल 2245 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) बनाए गए हैं। इसके लिए 2518 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही 46 फील्ड ट्रेनर्स के माध्यम से दिनांक 27 अप्रैल 2026 से 13 मई 2026 तक सभी कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिसके उपरांत वे निर्धारित अवधि में अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में घर-घर जाकर गणना कार्य संपादित करेंगे।
उपायुक्त द्वारा अपील की गई कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है, जिसके सफल क्रियान्वयन में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। नागरिकों से अनुरोध है कि प्रगणक/अधिकारी जब उनके घर पर जानकारी संकलन हेतु आएं, तो मांगी गई आवश्यक जानकारियां सही, पूर्ण एवं समय पर उपलब्ध कराएं तथा इस कार्य में सहयोग प्रदान करें। साथ ही स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करते हुए अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना जैसे व्यापक अभियान के सफल क्रियान्वयन में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मीडिया के माध्यम से आमजन तक सही, प्रमाणिक एवं समय पर जानकारी पहुंचाना संभव होता है, जिससे जागरूकता बढ़ती है और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित होती है।

उपायुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि जिले के सभी नागरिकों एवं मीडिया के सहयोग से जनगणना–2027 का कार्य सफलतापूर्वक, समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न किया जाएगा।

उक्त अवसर पर अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार, जिला सांख्यिकी एवं मूल्यांकन पदाधिकारी श्री कमलेश कुमार दास एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।


Post a Comment

0 Comments

close