मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान का हुआ शुभारंभ, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
जिलेभर में प्रारंभ हुआ एन्यूमरेशन कार्य, विभिन्न मतदान केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं बूथ क्षेत्रों में चलाए गए व्यापक जागरूकता अभियान
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 30 जून, 2026 से सरायकेला-खरसावाँ जिले में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान का शुभारंभ हो गया। अभियान के प्रथम दिन जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में एन्यूमरेशन कार्य प्रारंभ किया गया तथा विभिन्न मतदान केंद्रों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं बूथ क्षेत्रों में व्यापक मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।
इसी क्रम में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड श्री सुबोध कुमार ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर एन्यूमरेशन कार्य एवं प्रारंभिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बूथ लेवल वॉलंटियर्स (BLV) तथा मतदाताओं से संवाद कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा मतदाताओं को अभियान की प्रक्रिया, एन्यूमरेशन फॉर्म, आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित समयसीमा की जानकारी दी।
इसके उपरांत उन्होंने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल वॉलंटियर्स (BLV) के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की तथा निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक शत-प्रतिशत एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रपत्रों का संग्रहण, सत्यापन एवं अन्य सभी प्रक्रियाएं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न की जाएं।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है। अभियान के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो तथा आवश्यकतानुसार नाम जोड़ने, संशोधन एवं अपात्र, मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नामों का विलोपन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप किया जाए।
निरीक्षण के क्रम में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी, गम्हरिया उपस्थित थीं।
अभियान के प्रथम दिन जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं बूथ लेवल वॉलंटियर्स (BLV) द्वारा घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण किया गया। विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, आवेदन प्रपत्रों, आवश्यक दस्तावेजों एवं समयसीमा की जानकारी दी गई तथा पात्र नागरिकों से अपने एवं परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम का सत्यापन कराने, नए पात्र मतदाताओं का नाम जुड़वाने, आवश्यक संशोधन कराने तथा अपात्र, मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाताओं के नामों के विलोपन की प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की गई।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को SIR-2026 के उद्देश्य, प्रक्रिया एवं आवश्यक प्रावधानों की जानकारी देते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नीतिश कुमार सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के दौरान बीएलओ एवं अन्य निर्वाचन कर्मियों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा निर्धारित अवधि के भीतर एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं। ताकि जिले की मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाई जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए नागरिक हेल्पलाइन संख्या 1950 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
*==========================*


0 Comments