SIR-2026 कार्यों की समीक्षा की, समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश।
चांडिल,57-खरसावाँ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने SIR-2026 कार्यों की समीक्षा की, समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश।
सरायकेला, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत 57-खरसावाँ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में संचालित कार्यों की समीक्षा हेतु निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार ने प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार, कुचाई में संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), BLO सुपरवाइजर, कंट्रोल रूम में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मियों तथा अन्य निर्वाचन कार्मिकों के साथ बैठक की।
बैठक में गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र की पहुंच सुनिश्चित करते हुए प्रपत्रों का समयबद्ध संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन किया जाए। साथ ही सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण, डाटा की शुद्धता तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जिन मतदान केंद्रों पर डिजिटाइजेशन की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। उन्होंने BLO सुपरवाइजरों को नियमित क्षेत्रीय अनुश्रवण, BLO के साथ सतत समन्वय तथा उत्पन्न होने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी पूर्ण जिम्मेदारी, पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा अभियान के दौरान अनुशासन बनाए रखें।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा BLO को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराते हुए गणना प्रपत्र समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने का कार्य निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा सके।


0 Comments