विकास योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा।
चांडिल,नगर निकाय क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति, कचरा उठाव, साफ-सफाई एवं अन्य विकास योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा।
पूर्व की बैठक मे दिए गए दिशा निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा कर लंबित कार्यों में तेजी लाने एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के दिए गए निर्देश
नगर क्षेत्र मे मुख्य सड़़को चौक चौराहो पर अवैध पार्किंग पर कार्रवाई, औचक निरीक्षण एवं निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने पर दिया जोर।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में नगर निगम आदित्यपुर, नगर परिषद कपाली एवं नगर पंचायत सरायकेला क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में पूर्व की बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए पेयजलापूर्ति, कचरा उठाव एवं डंपिंग, साफ-सफाई, नाली, सड़क निर्माण, अवैध पार्किंग सहित अन्य विकास एवं निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में पेयजलापूर्ति से संबंधित समस्याओं एवं संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को लंबित कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करने तथा योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने क्षेत्र के सभी घरों को नल-जल योजना से जोड़ते हुए नियमित एवं सुगम पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा पेयजल से संबंधित प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पेयजलापूर्ति से संबंधित कार्यों में किसी भी प्रकार की समस्या अथवा बाधा होने पर संबंधित विभाग एवं कार्यदायी एजेंसी आपसी समन्वय से उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
नगर निकाय क्षेत्रों में कचरा उठाव, डंपिंग एवं साफ-सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने नियमित रूप से कचरे का उठाव एवं निर्धारित स्थल पर डंपिंग सुनिश्चित करने तथा साफ-सफाई के लिए स्पष्ट कार्ययोजना निर्धारित कर उसके अनुरूप नियमित रूप से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना संबंधित निकायों की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए साफ-सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी एवं समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में कचरा उठाव से संबंधित प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया कि नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए सभी 32 कचरा उठाव वाहनों को नियमित रूप से क्षेत्र में भ्रमणशील रखा जाए। मरम्मत अथवा मेंटेनेंस के कारण खड़े वाहनों को यथाशीघ्र दुरुस्त कर सेवा में लगाया जाए। नगर आयुक्त को सभी वाहनों की GPS ट्रैकिंग के माध्यम से नियमित समीक्षा करने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि सभी वाहन निर्धारित रूट एवं कार्ययोजना के अनुरूप संचालित हों। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
आदित्यपुर क्षेत्र में GAIL GAS एवं JUDCO के पाइप एवं गैस पाइपलाइन से संबंधित प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए वर्तमान समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा अन्य क्षेत्रों में भी इस प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक समन्वय एवं पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने शहरी क्षेत्रों में अवैध पार्किंग की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को अवैध पार्किंग के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने आवश्यकतानुसार औचक निरीक्षण अभियान चलाने तथा चिन्हित स्थलों पर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि यातायात व्यवस्था सुगम एवं व्यवस्थित बनी रहे।
समीक्षा के क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की अद्यतन प्रगति की भी जानकारी ली गई। उपायुक्त ने योजना के तहत सभी पात्र लाभुकों को नियमानुसार योजना का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने ऐसे लाभुकों की सूची जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा, जिनके आवास स्वीकृत होने के बावजूद ऋण अथवा आवास निर्माण से संबंधित प्रक्रिया लंबित है, ताकि लंबित मामलों के कारणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को विभागीय योजनाओं एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनहितकारी निर्णय लेते हुए कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से संबंधित प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यकता के अनुसार स्थल निरीक्षण किया जाए तथा समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने नगर निकाय क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति, विद्युत आपूर्ति, कचरा उठाव एवं डंपिंग, साफ-सफाई, नाली एवं जल निकासी, सड़क, पार्किंग सहित अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाओं की नियमित समीक्षा एवं निगरानी करने का निर्देश दिया। साथ ही, संबंधित पदाधिकारियों को औचक निरीक्षण अभियान संचालित करते हुए जमीनी स्थिति का आकलन करने और निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने कहा कि नगर निकाय क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर एवं सुगम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग एवं कार्यदायी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित योजनाओं में तेजी लाएं तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है।बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम आदित्यपुर श्री एजाज़ अनवर, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद कपाली, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत सरायकेला, कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल,सरायकेला-आदित्यपुर, सहायक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला-आदित्यपुर, नगर प्रबंधक, नगर निकाय कार्यालयों के अभियंता एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments