झारखंड के हितों की रक्षा को लेकर झामुमो की महत्वपूर्ण बैठक
झारखंडवासियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सरायकेला। केंद्र सरकार द्वारा झारखंड के साथ किए जा रहे कथित सौतेले व्यवहार को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कड़ा विरोध जताया है।
सरायकेला परिसदन में जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो की अध्यक्षता में, केंद्रीय कमेटी के निर्देश पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक को लेकर झामुमो की जिला, प्रखंड, नगर सहित विभिन्न कमेटियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कहा गया कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है। यदि खनिज से मिलने वाला सेस झारखंड को नहीं मिलता है, तो इसका सीधा असर राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा।
वक्ताओं ने कहा कि इससे मंईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना, शिक्षा एवं छात्रवृत्ति, किसान एवं कृषि योजनाएं, ग्रामीण विकास कार्य तथा स्वास्थ्य सेवाओं सहित कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं पर गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है।
बैठक में झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार से झारखंड के हितों एवं अधिकारों की रक्षा करने तथा राज्य को उसके उचित हिस्से से वंचित नहीं करने की मांग की। साथ ही, झारखंड के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित
बैठक में ईचागढ़ विधायक श्रीमती सबिता महतो, लोकसभा सांसद श्रीमती जोबा मांझी, खरसावां विधायक श्री दशरथ गगराई, सरायकेला के पूर्व विधायक प्रत्याशी श्री गणेश माहली सहित ईचागढ़, सरायकेला एवं खरसावां विधानसभा क्षेत्र के केंद्रीय, जिला, अल्पसंख्यक, नगर, प्रखंड, महिला मोर्चा एवं किसान मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

0 Comments