विधायक सविता महतो ने सदन में उठाया कुकड़ू थाना भवन मिलन चौक में टीओपी का मामला

विधायक सविता महतो ने सदन में उठाया कुकड़ू थाना भवन मिलन चौक में टी ओ पी का मामला।


चांडिल,विधायक सविता महतो ने विधानसभा के तारांकित प्रश्न में कुकड़ू थाना भवन का मामला प्रमुखता से उठाया। इस दौरान विधायक ने कहा ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कुकड़ू में बना थाना भवन लगभग 10 वर्षों से तैयार है, लेकिन आज तक उसका उपयोग नहीं किया जा रहा है। इस संबंध में पूछे गए प्रश्न के जवाब में सरकार की ओर से जानकारी दी गई कि गृह विभाग की अधिसूचना संख्या–4245 दिनांक 10 जुलाई 2010 तथा अधिसूचना संख्या–14/डी.एस. दिनांक 28 फरवरी 2009 के तहत सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह को नए थाना के रूप में अधिसूचित किया गया था। इसके अंतर्गत तिरुलडीह, चौड़ा, कुकड़ू, ईचाडीह और लेटेमदा पंचायत को शामिल किया गया है।
सरकार ने बताया कि बाद में गृह विभाग की अधिसूचना संख्या–3535 दिनांक 5 सितंबर 2009 के तहत कुकड़ू थाना को ‘बी’ श्रेणी के थाना के रूप में अधिसूचित किया गया, जिसमें तिरुलडीह थाना के उक्त पांच पंचायतों को शामिल किया गया।तिरुलडीह और कुकड़ू थाना का कार्यक्षेत्र समान रहने के कारण तिरुलडीह थाना 1 जुलाई 2009 से पूर्ण रूप से कार्यरत है, लेकिन कुकड़ू थाना के लिए अलग से कार्यक्षेत्र निर्धारित नहीं होने के कारण वहां थाना संचालन शुरू नहीं हो सका है। इसी कारण कुकड़ू में बने थाना भवन का अब तक उपयोग नहीं किया जा रहा है। वहीं 14 जून 2019 को कुकड़ू हाट में हुए नक्सली हमले में दो एस आई जवान सहित पांच पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। सरकार ने यह भी बताया कि ईचागढ़ के मिलन चौक क्षेत्र में वर्ष 2023 से 2025 तक नक्सली या बैंक डकैती की कोई घटना दर्ज नहीं हुई है, हालांकि वर्ष 2025 में चोरी की तीन घटनाएं हुई हैं। कुकड़ू में थाना भवन चालू करने के संबंध में पुलिस मुख्यालय ने 19 नवंबर 2025 और 24 फरवरी 2026 को पत्र भेजकर उपायुक्त तथा क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक से प्रस्ताव उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। प्रस्ताव मिलने के बाद स्थापित नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी

Post a Comment

0 Comments

close