टीबी उन्मूलन जागरूकता अभियान के अंतर्गत आद्रा मंडल में वॉकाथॉन एवं वैज्ञानिक सत्र का आयोजन”
रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार टीबी (Tuberculosis) उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व रेलवे, आद्रा मंडल द्वारा एक भव्य वॉकाथॉन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक/आद्रा मुकेश गुप्ता द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक/आद्रा खगेन्द्र नाथ घोष, अपर मंडल रेल प्रबंधक/आद्रा अमित कंचन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक/मंडलीय रेल अस्पताल, आद्रा डॉ. संतोष कुजूर सहित आद्रा मंडल के विभिन्न शाखा अधिकारियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक/मंडलीय रेल अस्पताल, आद्रा डॉ. संतोष कुजूर एवं उनकी मेडिकल टीम द्वारा आयोजित यह वॉकाथॉन रेलवे ऑफिसर्स क्लब, आद्रा से प्रारंभ होकर मंडलीय रेल अस्पताल, आद्रा तक निकाली गई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों द्वारा टीबी उन्मूलन, नियमित स्वास्थ्य जांच, समय पर उपचार तथा स्वच्छता एवं जागरूकता से संबंधित संदेश दिए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा “टीबी मुक्त भारत” अभियान को जन-जन तक पहुँचाना था।
वॉकाथॉन के उपरांत मंडलीय रेल अस्पताल/आद्रा के सभागार में एक वैज्ञानिक सत्र (Scientific Session) का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा टीबी के लक्षण, बचाव, उपचार एवं समय पर पहचान के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसी क्रम में राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर डेंगू से बचाव एवं रोकथाम संबंधी जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक/आद्रा डॉ. संतोष कुजूर द्वारा मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान, लार्वीसाइड का छिड़काव, जल कूलर, पुराने टायर, फूलदान तथा अन्य जल-जमाव वाले स्थानों की नियमित जांच एवं सफाई के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि चिकित्सा विभाग द्वारा नालियों की सफाई, जल-जमाव की निगरानी तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि आद्रा रेल मंडल को डेंगू मुक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम में किशोर बच्चों में पोषण (Nutrition in Adolescents) के महत्व पर भी विशेष प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने टीबी एवं डेंगू उन्मूलन हेतु सामूहिक सहभागिता एवं जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। आद्रा मंडल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

0 Comments