विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
चांडिल विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड नर्सिंग, आसनबनी द्वारा एक संयुक्त कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन संस्थान की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा किया गया, जिसमें शिक्षा एवं नर्सिंग संकाय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा 'तंबाकू मुक्त समाज' के निर्माण हेतु संकल्प लेना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं रिसोर्स पर्सन के रूप में ब्रह्मानंद अस्पताल, जमशेदपुर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. आशुतोष कुमार, एमबीबीएस, डीटीसीडी उपस्थित रहे।
डॉ. आशुतोष कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार हर साल तंबाकू के सेवन से 80 लाख से अधिक लोगों की मृत्यु होती है। उन्होंने कहा कि सिगरेट, बीड़ी, गुटखा, खैनी जैसे उत्पाद न केवल फेफड़ों के कैंसर, बल्कि मुंह का कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक और सांस की गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को चेतावनी दी कि तंबाकू का सेवन एक धीमा जहर है जो व्यक्ति को अंदर से खोखला कर देता है। डॉ. कुमार ने निष्क्रिय धूम्रपान के खतरों पर भी प्रकाश डाला और बताया कि कैसे धूम्रपान करने वाले के आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ता है।
उन्होंने तंबाकू छोड़ने के उपायों पर चर्चा करते हुए कहा कि इच्छाशक्ति, परिवार का सहयोग और चिकित्सकीय परामर्श से इस लत से छुटकारा पाया जा सकता है। डॉ. कुमार ने छात्रों से आह्वान किया कि वे स्वयं तंबाकू से दूर रहें और अपने परिवार व समाज में भी इसके खिलाफ एक अभियान चलाएं।
कार्यक्रम की समन्वयक श्रीमती अनूपा सिंह ने बताया कि एमबीएनएस संस्थान न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करता है, बल्कि सामाजिक सरोकारों के प्रति भी पूर्ण रूप से समर्पित है। एनएसएस इकाई के माध्यम से संस्थान नियमित रूप से स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता है।
कार्यशाला के अंत में छात्रों द्वारा तंबाकू के दुष्प्रभावों पर पोस्टर प्रदर्शनी लगाई गई और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संदेश दिया गया कि "तंबाकू छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो"। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
आयोजक एनएसएस इकाई, एमबीएनएस इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड नर्सिंग, आसनबनी ,
समन्वयक अनूपा सिंह ,मार्गदर्शन डॉ. गुरुचरण कौर एवं समस्त संकाय सदस्य

0 Comments