मासिक लोक अदालत में आपसी समझौते पर 54 मामले में 2,44,250 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।
चांडिल, सरायकेला एवं अनुमंडलीय न्यायालय, चांडिल परिसर में मासिक लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष (प्रभारी) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ब्रज किशोर पांडेय के मार्गदर्शन तथा सचिव तौसीफ मेराज के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।वादकारियों को सुलभ, त्वरित एवं कम खर्चीला न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित लोक अदालत के लिए कुल 10 पीठों का गठन किया गया। प्रत्येक पीठ की अध्यक्षता न्यायिक पदाधिकारियों ने की, जबकि पैनल अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मियों ने कार्यवाही के सफल संचालन में सहयोग दिया।समाचार लिखे जाने तक प्राप्त अंतरिम आंकड़ों के अनुसार विभिन्न श्रेणी के कुल 54 मामलों का आपसी सहमति के आधार पर सफल निष्पादन किया गया, जिससे 2,44,250 रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ। हालांकि कुछ पीठों में कार्यवाही जारी रहने के कारण अंतिम आंकड़ों में मामलों की संख्या और राजस्व में वृद्धि की संभावना जताई गई है।प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को आयोजित होने वाली मासिक लोक अदालत लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे, न्यायालयों का बोझ कम करने तथा आपसी सौहार्द और समझौते की भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

0 Comments