हाथी मित्रों और वन विभाग की मदद से 6 फीट लंबे अजगर का सफल रेस्क्यू

हाथी मित्रों और वन विभाग की मदद से 6 फीट लंबे अजगर का सफल रेस्क्यू











चांडिल,चांडिल अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ग्राम कुकड़ू में उस समय ग्रामीणों के बीच हलचल मच गई, जब खेत मालिक भुवनेश्वर कुमार के खेत में लगभग 6 फीट लंबा अजगर सांप देखा गया। खेत में काम कर रहे लोगों की नजर जैसे ही विशालकाय अजगर पर पड़ी, उन्होंने इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना प्राप्त होते ही वन विभाग की टीम के साथ हाथी मित्र कैलाश चंद्र महतो एवं तापस कर्मकार घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ अजगर का रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या वन्यजीव को नुकसान नहीं पहुंचा।









रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने अजगर के स्वास्थ्य की जांच की और उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ने का निर्णय लिया। इसके बाद अजगर को डाटम जंगल ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया गया, ताकि वह प्राकृतिक वातावरण में स्वतंत्र रूप से रह सके।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में अक्सर सांप और अन्य वन्यजीव भोजन एवं सुरक्षित स्थान की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। ऐसे मामलों में लोगों को घबराने या वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।
ग्रामीणों ने वन विभाग, हाथी मित्र कैलाश चंद्र महतो और तापस कर्मकार की तत्परता एवं सूझबूझ की सराहना करते हुए सफल रेस्क्यू अभियान के लिए आभार व्यक्त किया। इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता और मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व की आवश्यकता को उजागर किया।

Post a Comment

0 Comments

close