मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल क्रियान्वयन हेतु स्वयंसेवकों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित।
चांडिल,बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर के साथ समन्वय स्थापित कर घर-घर सत्यापन एवं प्रपत्र भरने में सहयोग देने के निर्देश.
कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो : प्रशिक्षण में दिया गया विशेष संदेश.।
सरायकेला-खरसावाँ, 29 जून 2026 : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आज टाउन हॉल, सरायकेला में 50-ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के स्वयंसेवकों (Volunteers) के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व 27 जून 2026 को 49-सरायकेला एवं 51-खरसावाँ विधानसभा क्षेत्रों के स्वयंसेवकों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा चुका है।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो।
प्रशिक्षण में स्वयंसेवकों को घर-घर संपर्क स्थापित कर पात्र नागरिकों को निर्धारित प्रपत्र भरने, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देने, नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन संबंधी प्रक्रिया से अवगत कराने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन जमा कराने में सहयोग करने के लिए प्रशिक्षित किया गया। साथ ही उन्हें निर्देश दिया गया कि वे बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर के साथ समन्वय स्थापित करते हुए क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाएं तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से इस बात पर बल दिया गया कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। स्वयंसेवकों को निर्देशित किया गया कि वे घर-घर सत्यापन के दौरान पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सावधानी के साथ कार्य करें तथा उपलब्ध दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रावधानों के आधार पर ही प्रपत्र भरवाने में सहयोग करें। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र, मृत अथवा स्थायी रूप से स्थानांतरित व्यक्तियों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया का आधार है। इसलिए सभी स्वयंसेवकों से अपेक्षा की गई कि वे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी जिम्मेदारी एवं निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर अथवा निर्वाचन पदाधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त करें।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनरों द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के विभिन्न प्रावधानों, प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, समय-सीमा एवं क्षेत्रीय स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।



0 Comments