जिलेवासियों से नशामुक्ति अभियान में सहभागिता की गई अपील।

जिलेवासियों से नशामुक्ति अभियान में सहभागिता की गई अपील।











चांडिल,निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध राज्यव्यापी जागरूकता अभियान के तहत जागरूकता बाइक रैली का आयोजित।
चांडिल,राज्य सरकार द्वारा दिनांक 10 जून, 2026 से 26 जून, 2026 तक संचालित राज्यव्यापी निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता अभियान के तहत आज स्वास्थ्य विभाग, सरायकेला-खरसावां द्वारा जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन, सरायकेला-खरसावां डॉ. सरयू प्रसाद सिंह एवं जिला नोडल पदाधिकारी (एनसीडी) सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा सिविल सर्जन कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया।

जागरूकता बाइक रैली सदर अस्पताल परिसर से प्रारंभ होकर गैरेज चौक सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः सदर अस्पताल परिसर पहुंची। रैली के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।









इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ-साथ उसके परिवार, समाज एवं भविष्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत से ग्रसित व्यक्तियों में विभिन्न प्रकार की मानसिक, शारीरिक एवं सामाजिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं, इसलिए युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि राज्यव्यापी जागरूकता अभियान के तहत जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से ग्राम चौपाल, नुक्कड़ नाटक, चित्रांकन, कविता लेखन, क्विज प्रतियोगिता तथा अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज के सभी वर्गों तक नशामुक्ति का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।

*जिलेवासियों से नशामुक्ति अभियान में सहभागिता की गई अपील...*

जिला नोडल पदाधिकारी (एनसीडी) ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में सभी नागरिक अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक रूप से कमजोर नहीं बनाता, बल्कि परिवार एवं समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाना तथा लोगों को इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

नशा मुक्ति हेतु सहायता एवं परामर्श के लिए संपर्क करें :
टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर – 112 (24×7)

नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार एवं परामर्श हेतु रिनपास, रांची, केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थान (सीआईपी), रांची तथा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), देवघर में भी संपर्क किया जा सकता है।

कार्यक्रम में डीपीएम, डीपीसी, सलाहकार (एनटीसीपी), डीपीए, सामाजिक कार्यकर्ता, सहिया साथी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments

close