उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षात्मक बैठक संपन्न


उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षात्मक बैठक संपन्न









उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षात्मक बैठक संपन्न, किसानों की आय वृद्धि हेतु कार्ययोजना तैयार कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए गए निर्देश।
किसानों की आय वृद्धि, कृषि आधारित आजीविका के सुदृढ़ीकरण एवं योजनाओं से अधिकाधिक लाभुकों को जोड़ने पर विशेष बल।
सरायकेला-खरसावाँ, 29 जून 2026 : समाहरणालय सभागार में आज उप विकास आयुक्त श्रीमती रीना हांसदा की अध्यक्षता में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, गव्य विकास, सहकारिता एवं अन्य संबद्ध विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए किसानों की आय वृद्धि, कृषि आधारित आजीविका के सुदृढ़ीकरण एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि किसानों की आय में वृद्धि हेतु सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए दीर्घकालिक कार्ययोजना (रोडमैप) तैयार करें तथा योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। पूर्व में चिन्हित क्लस्टरों (LAMPS) में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए योजनाओं का लाभ अधिकाधिक किसानों तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया।

उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिया कि किसानों को विभागीय योजनाओं की व्यापक जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा प्रशिक्षण, कृषि यंत्रों एवं सहायक उपकरणों का वितरण, गुणवत्तायुक्त बीजों की समय पर उपलब्धता एवं योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। मौसम विभाग द्वारा कम वर्षा की संभावना को देखते हुए किसानों को खरीफ फसलों की समय पर बुआई के लिए प्रेरित करने, आवश्यक कृषि परामर्श उपलब्ध कराने तथा वैकल्पिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी कृषि उत्पादन प्रभावित न हो।

पशुधन विकास योजना की समीक्षा के दौरान चयनित ऐसे लाभुकों, जिन्हें अब तक पशुधन उपलब्ध नहीं कराया जा सका है, उन्हें शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। वहीं मेधा डेयरी सेंटर की स्थापना हेतु प्राप्त प्रस्तावों के आलोक में सभी अंचल अधिकारियों एवं नगर निकायों के पदाधिकारियों को उपयुक्त भूमि चिन्हित कर जिला मुख्यालय को प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।

मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिला अंतर्गत सभी तालाबों की बंदोबस्ती निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मत्स्य पालक किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने, उन्हें योजनाओं से जोड़ने तथा जेएसएलपीएस के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को उपलब्ध कराई जा रही वित्तीय सहायता की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि राशि का समुचित एवं उद्देश्यपूर्ण उपयोग हो सके।

उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि जेएसएलपीएस के माध्यम से संचालित योजनाओं की जानकारी अधिकाधिक ग्रामीण परिवारों एवं स्वयं सहायता समूहों तक पहुंचाई जाए तथा दीदी सखी, वित्त सखी एवं अन्य सामुदायिक संवर्गों के माध्यम से पात्र लाभुकों को विभिन्न आजीविका एवं स्वरोजगार योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाया जाए। उन्होंने जेएसएलपीएस के माध्यम से लखपति दीदी की संख्या में वृद्धि हेतु निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कृषि एवं सहकारिता विभाग को निर्देशित किया गया कि अधिकाधिक किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना से आच्छादित किया जाए तथा शत-प्रतिशत पात्र किसानों का ई-केवाईसी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। साथ ही किसानों को विभागीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने एवं खरीफ मौसम के दृष्टिगत आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान विभिन्न क्षमता वाले गोदाम निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए विभाग को सूचित करने तथा भविष्य में ऐसे संवेदकों को कार्य आवंटित नहीं करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला सहकारिता पदाधिकारी को सदस्यता अभियान चलाकर सहकारी संस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक के अंत में उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनाते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि किसानों की आय में सतत वृद्धि हो तथा जिले में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गब्य विकास पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, उपनिदेशक आत्मा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

close