अकीदत और भाईचारे के माहौल में मनाया गया मुहर्रम, 'या अली-या हुसैन' के नारों से गूंजा चौड़ा
चांडिल : कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत चौड़ा में शुक्रवार को मुहर्रम का पर्व पूरी अकीदत, शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया। तिरुलडीह थाना क्षेत्र के चौड़ा के अलावा पश्चिम बंगाल के सिरकाडीह, हुडूमादा और पाटाहासल से ताजिया एवं निशान के साथ आखड़ा जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल लोगों ने "या अली", "या हसन" और "या हुसैन" के नारों के साथ इमाम हुसैन की शहादत को याद किया।
पारंपरिक अखाड़ा खेल ने मोहा मन
सभी ताजिया जुलूस चौड़ा मील मैदान पहुंचा, जहां विभिन्न अखाड़ा समितियों के युवाओं ने तलवार, लाठी और भाला के साथ पारंपरिक युद्धकला एवं हैरतअंगेज करतब का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मील मैदान में मौजूद रहे। इससे पहले चौड़ा इमामबाड़ा में फातेहाखानी की गई तथा कर्बला के शहीदों को याद किया गया। इस अवसर पर कई कई घरों में महिला एवं पुरुषों ने नवमी और दसवीं मुहर्रम का रोजा भी रखा।
जुलुस में सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
मुहर्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। चौड़ा मील मैदान सहित संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी, जैप एवं जिला पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मौके पर कुकड़ू के प्रभारी सीओ अभय कुमार द्विवेदी, सीआई कुणाल कुमार, चांडिल के सर्किल इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह, उप प्रमुख मोहम्मद एकराम, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव, मुखिया प्रतिनिधि रामलाल सिंह मुंडा, उप मुखिया लाल मोहम्मद, मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष शायद अंसारी, डॉ. शाहाबुद्दीन अंसारी, तिरुलडीह थाना के सब इंस्पेक्टर सोमा उरांव, एएसआई हरदेव पासवान, ग्राम प्रधान शंकर सिंह मुंडा, गुणाधर महतो, बनारसी रजक, अंसार अली, अब्दुल रशीद अंसारी, ग़ाफ़िर अंसारी, पूर्व झामुमो प्रखंड अध्यक्ष इंद्रजीत महतो, सफाई अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। नीमडीह थाना के झिमड़ी गांव पुलिस प्रशासन के निगरानी में झिमड़ी के आस पास गांव में मोहर्रम पर्व मनाया गया।ण
0 Comments