आद्रा मंडलीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्श समिति (डीआरयूसीसी) की बैठक संपन्न।
चांडिल,दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के आद्रा मंडल में 120वीं मंडलीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्श समिति (डीआरयूसीसी) की बैठक आद्रा मंडल कार्यालय स्थित सभागार में हुआ। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक मुकेश गुप्ता ने की।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (अवसंरचना) अमित कंचन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (समन्वय) एवं डीआरयूसीसी सचिव विकास कुमार, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) रमेश सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सचेंद्र कुमार, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा समिति के माननीय सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में सांसद प्रतिनिधि के साथ-साथ बांकुड़ा दामोदर रिवर रेलवे परिवहन वेलफेयर समिति, खड़गपुर–आद्रा रेलवे पैसेंजर्स एसोसिएशन, पुरुलिया चैंबर ऑफ कॉमर्स, जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल), आईआईएससीओ, बर्नपुर, संतालडीह ताप विद्युत स्टेशन (एसटीपीएस) के प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (समन्वय) एवं डीआरयूसीसी सचिव श्री विकास कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने बैठक के प्रारंभ में डीआरयूसीसी की भूमिका, उद्देश्य एवं कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह समिति रेल यात्रियों एवं उपभोक्ताओं की अपेक्षाओं, सुझावों तथा आवश्यकताओं को रेलवे प्रशासन तक पहुँचाने का एक प्रभावी मंच है। उन्होंने बताया कि समिति का उद्देश्य रेल सेवाओं को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक, आधुनिक एवं यात्री-अनुकूल बनाना है।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों द्वारा आद्रा मंडल के अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण सुझाव एवं मांगें प्रस्तुत की गईं। इनमें प्रमुख रूप से विभिन्न ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव, स्टेशन पहुँच मार्गों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण, स्टेशनों पर स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाना, विभिन्न समपार फाटकों के स्थान पर सीमित ऊँचाई वाले सबवे (एलएचएस), सामान्य सबवे (एनएचएस), सड़क ऊपरी पुल (आरओबी) तथा सड़क निचले पुल (आरयूबी) का निर्माण, स्थानीय यात्रियों की सुविधा हेतु नई ट्रेनों का परिचालन, स्टेशनों पर लिफ्ट एवं एस्केलेटर जैसी आधुनिक यात्री सुविधाओं का विस्तार तथा ट्रेनों के समयबद्ध परिचालन में सुधार से संबंधित सुझाव प्रमुख रहे।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों द्वारा पूर्व में उठाई गई मांगों पर हुई प्रगति की भी जानकारी साझा की गई। विशेष रूप से विभिन्न ट्रेनों के अनेक स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव संबंधी जिन प्रस्तावों को रेलवे प्रशासन द्वारा स्वीकृति प्रदान कर लागू किया जा चुका है, उनके संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस पर समिति के सदस्यों ने रेलवे प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए यात्रियों की सुविधा के प्रति आद्रा मंडल की प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री मुकेश गुप्ता ने समिति के सदस्यों द्वारा प्रस्तुत सभी सुझावों एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उन पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई एवं यथोचित विचार किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आद्रा मंडल यात्रियों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर रेल सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मंडलीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्श समिति की बैठकें रेलवे प्रशासन एवं रेल उपयोगकर्ताओं के मध्य संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी माध्यम हैं। इन बैठकों के माध्यम से यात्रियों की वास्तविक आवश्यकताओं एवं स्थानीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त होती है, जिससे रेल सेवाओं को और अधिक जनोन्मुखी, प्रभावी एवं यात्री-केंद्रित बनाया जा सकता है।बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों के हित में किए जा रहे विकासात्मक कार्यों एवं जनहितकारी पहलों की सराहना की तथा भविष्य में भी सकारात्मक सहयोग एवं रचनात्मक सुझाव प्रदान करते रहने का आश्वासन दिया।


0 Comments