किशोरियों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक।

किशोरियों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक।











चांडिल,विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं एवं किशोरियों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक.

विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर जिला समाज कल्याण कार्यालय, सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना अंतर्गत “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य माहवारी स्वच्छता, सुरक्षित प्रबंधन, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर महिलाओं एवं किशोरियों को जागरूक करना था।

पांड्रा पंचायत में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्डलाइन तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के महत्व, सुरक्षित निपटान की प्रक्रिया तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि माहवारी महिलाओं के जीवन की एक सामान्य एवं प्राकृतिक प्रक्रिया है। इससे जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा करना आवश्यक है, ताकि समाज में व्याप्त भ्रांतियों एवं संकोच को दूर किया जा सके। साथ ही किशोरियों एवं महिलाओं को स्वच्छता अपनाने, संतुलित पोषण लेने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया।

जिले के विभिन्न परियोजना क्षेत्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यशालाओं, जागरूकता सत्रों एवं शपथ कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, पोषण सखियों, महिला पर्यवेक्षिकाओं तथा स्थानीय महिलाओं एवं किशोरियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महिलाओं एवं किशोरियों की स्वास्थ्य जांच तथा एनीमिया संबंधी जांच भी की गई। उपस्थित प्रतिभागियों को माहवारी स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई, पोषण एवं स्वास्थ्य संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, सम्मान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।

Post a Comment

0 Comments

close