साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं आमजन की समस्याएं,
समयबद्ध निष्पादन के दिए गए निर्देश।
चांडिल,समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों से क्रमवार मिलकर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों को सुना गया तथा संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से राजनगर प्रखंड अंतर्गत ग्राम टिंटिडीह, छोटाखीरी, बाना एवं गेंगरुली को जोड़ने वाली जर्जर पीसीसी सड़क की मरम्मत, उच्च विद्यालय एदल में चहारदीवारी निर्माण, राजनगर स्थित खैरकोचा पुलिया निर्माण कार्य में तेजी लाने, भारतीय सेना के दिवंगत जवान के आश्रित को आवंटित भूमि के बंदोबस्ती आदेश निर्गत करने, चौकीदार बहाली प्रक्रिया में प्रगति लाने, लाल बिल्डिंग चौक समीप सर्विस रोड पर अतिक्रमण एवं जाम की समस्या का समाधान करने, गम्हरिया-कांड्रा क्षेत्र स्थित जर्जर बाजार भवन की मरम्मत, गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत जगन्नाथपुर-बलरामपुर के सार्वजनिक तालाब की सफाई, जगन्नाथपुर एवं बलरामपुर को जोड़ने वाली पीसीसी सड़क निर्माण तथा आदित्यपुर फुटबॉल मैदान स्थित रेड क्रॉस को आवंटित भवन से संबंधित आपत्ति सहित अन्य जनहित एवं आधारभूत संरचना विकास से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
प्राप्त आवेदनों में से कई मामलों का त्वरित निष्पादन मौके पर ही किया गया। शेष मामलों के संबंध में उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांचोपरांत आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ निष्पादन सुनिश्चित करें तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई करें।

0 Comments