मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत गणना प्रपत्र वितरण कार्य का जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण।
चांडिल मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत गणना प्रपत्र वितरण कार्य का जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण।
मतदान केंद्रों पर गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण, सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के दिए निर्देश।
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के अंतर्गत संचालित गणना प्रपत्र (Enumeration Form) वितरण अभियान के क्रम में आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नितिश कुमार सिंह ने विधानसभा क्षेत्र-51 अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या-351 एवं 352 का भ्रमण कर घर-घर जाकर किए जा रहे गणना प्रपत्र वितरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) द्वारा किए जा रहे गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण, अभिलेख संधारण, दस्तावेजों के सत्यापन तथा डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्य निष्पादन की गुणवत्ता का आकलन किया तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाना है। इसके लिए प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र का शत-प्रतिशत वितरण, समयबद्ध संग्रहण, मतदाता विवरण का शत-प्रतिशत सत्यापन तथा प्राप्त सभी प्रपत्रों का त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी पात्र मतदाता की उपेक्षा न हो तथा कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। प्रत्येक परिवार तक पहुँच बनाते हुए सभी पात्र मतदाताओं से गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से भरवाया जाए तथा प्राप्त प्रत्येक आवेदन एवं विवरण का सावधानीपूर्वक सत्यापन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी योग्य मतदाता का नाम बिना वैधानिक कारण के मतदाता सूची से न हटे तथा पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित की जाए।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है तथा इसकी सफलता सभी संबंधित पदाधिकारियों, बीएलओ एवं कर्मियों की सक्रिय सहभागिता, सतत निगरानी एवं बेहतर समन्वय पर निर्भर है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करते हुए अभियान की दैनिक समीक्षा करने, क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान प्राप्त समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) द्वारा गणना प्रपत्र वितरण, संग्रहण एवं सत्यापन कार्य का नियमित क्षेत्र भ्रमण कर निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के माध्यम से अभियान की सतत निगरानी करते हुए समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा पुनरीक्षण कार्य को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित कराने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
निरीक्षण के अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सरायकेला श्री अमित कुमार, संबंधित बीएलओ सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


0 Comments