उपायुक्त ने कृषि एवं सम्बद्ध विभागों के अंतर्गत संचालित योजना की समीक्षा।
चांडिल,समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कृषि एवं सम्बद्ध विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पूर्व बैठक के निर्देशों के आलोक में की गई प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध सभी योजनाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र किसान अथवा लाभुक किसी भी जनकल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लाभुकों की पहचान, योजना से जोड़ने एवं लाभ का वास्तविक रूप से हस्तांतरण सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने किसानों के हित से जुड़ी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पंचायत एवं ग्राम स्तर पर विशेष अभियान चलाकर पात्र किसानों को योजनाओं से आच्छादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र से संबंधित योजनाओं का लाभ किसानों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए विभागीय पदाधिकारी क्षेत्र भ्रमण एवं नियमित अनुश्रवण को प्राथमिकता दें। साथ ही किसानों को कृषि ऋण, बीमा, गुणवत्तापूर्ण बीज, कृषि यंत्र, सिंचाई सुविधा, पशुधन एवं अन्य कृषि-सम्बद्ध योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कृषि, उद्यान, पशुपालन, गव्य विकास, भूमि संरक्षण एवं सहकारिता विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) पंजीकरण, मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना अंतर्गत शेष लाभुकों का e-KYC, गुणवत्तापूर्ण बीज वितरण, डीप बोरिंग एवं तालाब जीर्णोद्धार, कृषि सहायक उपकरणों का वितरण, पशुधन विकास योजनाओं का लाभ, फसल बीमा योजनाओं में पात्र किसानों का आच्छादन तथा अन्य कृषि-सम्बद्ध योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि ऐसी योजनाएं, जिनमें लाभुकों के चयन एवं आवेदन संबंधी प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है, उनमें पात्र किसानों एवं लाभुकों को योजना का लाभ प्रदान करने में अनावश्यक विलंब न किया जाए। कृषि एवं सम्बद्ध सभी विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चयनित लाभुकों को कृषि उपकरण, पशुधन, बीज, सिंचाई सुविधा सहित अन्य स्वीकृत योजनाओं का लाभ यथाशीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। जिन लाभुकों का योजना के तहत चयन पूर्ण हो चुका है, उन्हें लंबित न रखते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप शीघ्र लाभान्वित किया जाए तथा इसकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।

0 Comments