“यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए आद्रा रेल मंडल में वार रूम 24 घंटे सक्रिय”
चांडिल,दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ और ट्रेनों के सुचारु संचालन को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे, आद्रा मंडल द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। मंडल स्तर पर 24×7 सक्रिय “वार रूम” स्थापित किया गया है, जहाँ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख स्टेशनों की सतत निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष ड्यूटी भी लगाई गई है।
आद्रा मंडल में स्थापित यह वार रूम यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यहाँ से मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़, उपलब्ध सुविधाओं तथा ट्रेनों की स्थिति की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
वार रूम से “रेलमदद”, “ट्विटर” तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों और सहायता अनुरोधों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रत्येक शिकायत पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं नियंत्रण कक्ष से चौबीसों घंटे समस्त कार्यवाही पर नजर बनाए हुए हैं।
मंडल प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है। यह पहल आद्रा मंडल में यात्री सुरक्षा, शिकायत निवारण एवं संचालन समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय रेल द्वारा इस वर्ष यात्रियों की सुविधा हेतु 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 7,724 थी। इससे स्पष्ट है कि भारतीय रेल ने बढ़ती यात्री मांग को पूरा करने के लिए अपने प्रयासों को दोगुना किया है।
0 Comments