चांडिल में आजसू पार्टी की कोल्हान स्तरीय बैठक सम्पन्न,
घाटशिला उपचुनाव में जीत की रणनीति बनी।
आजसू ने रामचंद्र सहिस को चुनाव प्रभारी व हरेलाल एवं सागेन हांसदा को सहप्रभारी बनाया।
झारखंडी जनता को बांटने की झामुमो की साजिश नाकाम करेंगे : सुदेश महतो।
चांडिल आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा है कि झामुमो–कांग्रेस झारखंडी जनता में विभेद पैदा कर राजनीतिक रोटी सेंकना चाहते हैं। सबने मिलकर झारखंड आंदोलन में सबने मिलकर संघर्ष किया है। झारखंडी जनता को बांटने की साजिश नाकाम करेंगे।
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर आजसू पार्टी ने एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की जीत सुनिश्चित करने हेतु व्यापक रणनीति तैयार की है। चिलगु, चांडिल स्थित आजसू कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुदेश महतो समेत कोल्हान क्षेत्र के सभी प्रमुख नेता उपस्थित थे।
श्री महतो ने बैठक के बाद मीडिया से कहा कि आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव एवं पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है तथा केंद्रीय महासचिव द्वय हरे लाल महतो एवं सागेन हांसदा को सह–प्रभारी बनाया गया है।
श्री महतो ने बताया कि पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर संगठन को सक्रिय करते हुए सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आजसू पार्टी एनडीए गंठबंधन की मजबूत सहयोगी रही है तथा पार्टी कार्यकर्ता प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की विजय के लिए पूर्ण समर्पण के साथ जमीनी स्तर पर जुट चुके हैं।
श्री महतो ने कहा कि झारखंड की लड़ाई सभी समुदायों ने मिलकर लड़ी है और कुड़मी तथा अन्य सभी आदिवासी–मूलवासी समुदायों ने मिलकर राज्य के अधिकारों की रक्षा की है। वर्तमान सरकार द्वारा झारखंडी के बीच वैचारिक विभाजन पैदा करने की कोशिश की जा रही है, जो झारखंड की एकता और मूल भावना के विरुद्ध है। उन्होंने इसे कृत्रिम और राजनीतिक लाभ के लिए प्रेरित विभाजन करार दिया।
चाईबासा में बच्चों की मौत पर सरकार की नाकामी
चाईबासा में एचआईवी संक्रमित इंजेक्शन से बच्चों की मौत पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए श्री महतो ने कहा कि यह सरकार की संस्थागत लापरवाही का परिणाम है। यह एक डॉक्टर की नहीं, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र की विफलता है। दो लाख रुपये का मुआवजा किसी की जान की क्षतिपूर्ति नहीं हो सकता। वर्तमान सरकार को पीड़ित परिवारों के साथ संवेदनशीलता दिखाते हुए खड़ा होना चाहिए और इस घटना की जिम्मेदारी तय कर जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए।
सरकार अपनी नाकामियों पर सवाल उठाने वालों की आवाज को दमन और लाठीचार्ज के जरिए दबाने का प्रयास कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता अब इस सरकार की वास्तविकता समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।
श्री सुदेश महतो ने अंत में कहा कि आजसू पार्टी एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर घाटशिला उपचुनाव में श्री बाबूलाल सोरेन की प्रचंड जीत सुनिश्चित करेगी। जनता झारखंड के हित में सही निर्णय लेगी और गैर-जिम्मेदार वर्तमान शासन को स्पष्ट संदेश देगी।
बैठक में उपस्थित : पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो, सागेन हांसदा, सपन सिंह देव, नंदू पटेल, रांची जिप अध्यक्ष श्रीमती निर्मला भगत, संजय मेहता, राजू कर्मकार, जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, सत्यनारायण महतो, सुखलाल हेंब्रम, बनबिहारी महतो, राजेश महतो, नवीन महतो, दुर्गा महतो, टिकैत महतो, करण महतो, दुर्योधन गोप, गोपेश महतो, दिगंबर सिंह, अरुण महतो, गौरी लायक, दिलीप प्रमाणिक, नंदन कुंज पात्र, सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।क्ष
0 Comments