छठ पर्व उपरांत यात्रियों की वापसी हेतु चलायी जा रही विशेष ट्रेने
चांडिल,छठ पर्व सम्पन्न होने के उपरांत आज से बिहार क्षेत्र से श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की वापसी प्रारंभ हो गई है। छठ पूजा सम्पन्न करने के बाद बिहार से भारी संख्या में यात्री अपने-अपने कार्यस्थलों की ओर लौट रहे हैं। यात्रियों की इस अत्यधिक भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे द्वारा उनकी यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक बनाने हेतु विशेष तैयारियाँ की गई हैं।
आद्रा मंडल से होकर भुवनेश्वर, चारलापल्ली, गोंदिया, इतवारी, अजमेर, झांसी, दुर्ग आदि प्रमुख गंतव्यों के लिए अनेक विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में दिनांक 28.10.2025 को आद्रा मंडल के बोकारो स्टेशन से होकर भुवनेश्वर, अजमेर, संतरागाछी, कामाख्या एवं तिरुपति की ओर जाने वाली कई पूजा स्पेशल ट्रेनें गुजरेंगी।
यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु स्टेशन परिसरों में हेल्प डेस्क, सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण एवं टिकट जांच की सुचारु व्यवस्था के लिए अतिरिक्त टीटीई स्टाफ की तैनाती की गई है। साथ ही, यात्रियों की सुरक्षा हेतु आरपीएफ/जीआरपी की विशेष तैनाती एवं बैरिकेडिंग व्यवस्था भी की गई है।
स्टेशन परिसरों में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं अन्य यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रमुख स्टेशनों पर छठ पर्व के पारंपरिक गीतों का प्रसारण भी किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को उत्सवमय वातावरण का अनुभव हो सके।
इन सभी गतिविधियों की रियल टाइम मॉनिटरिंग मंडल स्तर पर 24×7 वॉर रूम के माध्यम से की जा रही है। रेल मदद, ट्विटर एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से प्राप्त शिकायतों और सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करने हेतु मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी सतत रूप से निगरानी कर रहे हैं।
0 Comments