फाइलेरिया उन्मूलन हेतु उपायुक्त नु समीक्षा

चांडिल,फाइलेरिया उन्मूलन हेतु फोकल एमडीए/आईडीए अभियान की तैयारी को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न; शत-प्रतिशत दवा सेवन सुनिश्चित करने के निर्देश.।

20 अप्रैल से 5 मई तक 113 अतिप्रभावित ग्रामों में विशेष अभियान, 1,45,763 लोगों को दवा सेवन कराने का लक्ष्य

सरायकेला-खरसावां जिले में फाइलेरिया उन्मूलन के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा दिनांक 20 अप्रैल से 5 मई 2026 तक फोकल एमडीए/आईडीए (Mass Drug Administration/IDA) अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र व्यक्ति दवा सेवन से वंचित न रहे तथा शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बूथ दिवस पर अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा घर-घर भ्रमण के दौरान दवा का सेवन मौके पर ही कराना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने 113 अतिप्रभावित ग्रामों में विशेष फोकस के साथ सघन मॉनिटरिंग करने तथा सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया। साथ ही, किसी भी प्रकार की भ्रांतियों को दूर करने हेतु प्रभावी जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर बल दिया गया।
अभियान के प्रथम दिन, दिनांक 20 अप्रैल 2026 को बूथ स्तर पर दवा वितरण/सेवन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात दिनांक 21 अप्रैल से 5 मई 2026 तक स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा घर-घर भ्रमण कर योग्य लाभार्थियों को दवा सेवन कराया जाएगा।
जिले के कुल 113 ग्रामों को फाइलेरिया के अतिप्रभावित क्षेत्रों की सूची में चिन्हित किया गया है, जहां कुल 1,45,763 व्यक्तियों को दवा सेवन कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन क्षेत्रों में विशेष निगरानी एवं पर्यवेक्षण की व्यवस्था की गई है।

सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन अवश्य करें। यह दवा पूर्णतः सुरक्षित एवं निःशुल्क है। फाइलेरिया उन्मूलन हेतु सामूहिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।


Post a Comment

0 Comments

close