गम्हरिया प्रखंड में 16 लाभुकों के बीच बकरी पालन इकाइयों का वितरण।

गम्हरिया प्रखंड में 16 लाभुकों के बीच बकरी पालन इकाइयों का वितरण।








चांडिल,मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत गम्हरिया प्रखंड में 16 लाभुकों के बीच बकरी पालन इकाइयों का वितरण।
सरायकेला-खरसावाँ, 19 जून 2026 : पशुपालन विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना (एमपीवीवाई) के अंतर्गत गम्हरिया प्रखंड में चयनित 16 लाभुकों के बीच बकरी पालन इकाइयों का वितरण किया गया। योजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि, स्वरोजगार को बढ़ावा देना तथा पशुपालन आधारित आजीविका को सुदृढ़ बनाना है।

कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को बकरी पालन से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित तरीके से पशुपालन करने हेतु प्रेरित किया गया। विभागीय अधिकारियों द्वारा पशुओं के समुचित रख-रखाव, टीकाकरण, पोषण प्रबंधन एवं रोग नियंत्रण संबंधी आवश्यक जानकारियां भी उपलब्ध कराई गईं।

उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां श्री नितिश कुमार सिंह ने कहा कि किसानों, पशुपालकों एवं ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि तथा आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा विभिन्न स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा पशुपालन को आय के अतिरिक्त स्रोत के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लाभुकों से अपील की कि वे सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं आजीविका आधारित योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें तथा उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करें।

उन्होंने कहा कि बकरी पालन ग्रामीण क्षेत्रों में आय सृजन का एक प्रभावी माध्यम है, जिससे लाभुकों को अतिरिक्त आय अर्जित करने के साथ-साथ स्वरोजगार के स्थायी अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने लाभुकों से प्रदत्त बकरी पालन इकाइयों का समुचित उपयोग करते हुए इसे आजीविका के सशक्त माध्यम के रूप में विकसित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विभागीय पदाधिकारी, पशु चिकित्सक, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं लाभुक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

close