सामुदायिक पुलिसिंग के तहत बच्चों को मिली पठन-पाठन सामग्री, ट्रैफिक नियम व गुड टच-बैड टच की दी गई जानकारी
चांडिल: चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नव प्राथमिक विद्यालय, हरिजन टोला, चांडिल में शुक्रवार को सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय मुखिया, विद्यालय के शिक्षकों तथा पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में स्कूली बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए उनके माध्यम से परिवार के सदस्यों को भी यातायात नियमों का पालन करने और नशे से दूर रहने का संदेश देने की अपील की गई। साथ ही बच्चों को गुड टच एवं बैड टच के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया, ताकि वे अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रह सकें।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य समाज और पुलिस के बीच बेहतर संबंध स्थापित करना तथा बच्चों में जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।

0 Comments