गम्हरिया पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।
चांडिल,सरायकेला-खरसावां जिला के गम्हरिया थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 12 ग्राम ब्राउन शुगर, एक बिना नंबर की काली रंग की मोटरसाइकिल तथा अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:30 बजे केरला पब्लिक स्कूल के विपरीत दिशा में अरका जैन यूनिवर्सिटी जाने वाली सड़क पर सालडीह गांव के आगे जंगलनुमा क्षेत्र में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान बिजली के खंभे और कुछ सागवान के पेड़ों के पास एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति सवार दिखाई दिए।
पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों को रुकने का इशारा किया। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया। मोटरसाइकिल से संबंधित कागजात मांगने पर वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
तलाशी के दौरान पहले आरोपी करीब 20 वर्षीय कलीम खान, पिता मोहम्मद जलाउद्दीन, निवासी जीवनपुर, थाना सरायकेला, के पैंट की बाईं जेब से एक सफेद पारदर्शी प्लास्टिक पाउच में 9 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद हुआ।
वहीं, दूसरे आरोपी 25 वर्षीय प्रदीप महतो, पिता स्वर्गीय पुरनाडीह महतो, निवासी कोलाबीरा बस्ती, थाना सरायकेला, के पैंट की बाईं जेब से सफेद पारदर्शी प्लास्टिक पाउच में 3 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ गम्हरिया थाना कांड संख्या 60/26 के तहत NDPS Act की संबंधित धाराओं एवं BNS की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
बरामद सामान
9 ग्राम ब्राउन शुगर
3 ग्राम ब्राउन शुगर
बिना नंबर प्लेट की काली रंग की मोटरसाइकिल
मोटरसाइकिल का इंजन नंबर: MBLHA10A6EHD66411
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। कार्रवाई में पुअनि अजय पासवान, आ०-1019 जगदीश हेंसा और चा०-614 अश्विनी उपाध्याय शामिल रहे।

0 Comments