राजकीय चैत्र पर्व -सह- छऊ महोत्सव 2026 की तैयारियों की उपायुक्त ने की समीक्षा ।

राजकीय चैत्र पर्व -सह- छऊ महोत्सव 2026 की तैयारियों की उपायुक्त ने की समीक्षा ।

चांडिल,राजकीय चैत्र पर्व -सह- छऊ महोत्सव 2026 की तैयारियों की उपायुक्त ने की समीक्षा, समयबद्ध एवं समन्वित व्यवस्था पर बिंदुवार चर्चा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सरायकेला–खरसावाँ : जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले राजकीय चैत्र पर्व -सह- छऊ महोत्सव 2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला अभिनव प्रकाश (भा.प्र.से.), अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, नगर पंचायत सरायकेला अध्यक्ष श्री मनोज चौधरी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं आयोजन समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।
समीक्षा के दौरान आयोजन की रूपरेखा, आधारभूत व्यवस्थाओं एवं समन्वय तंत्र पर विशेष चर्चा की गई। उपायुक्त ने मुख्य कार्यक्रम स्थल भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला के साफ-सफाई एवं समतलीकरण, पेयजल एवं अस्थायी शौचालय की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा दल तथा अग्निशमन दल की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उल्लेखनीय है कि राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 के मुख्य कार्यक्रम 11 से 13 अप्रैल 2026 तक बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर राज्य एवं अन्य राज्यों से आने वाले कलाकारों के आवागमन, आवासन एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
उपायुक्त ने निर्देशित किया कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए उन्हें प्राथमिकता दी जाए तथा पद्मश्री सम्मानित कलाकारों सहित सभी कला दलों को सम्मानित किया जाए। साथ ही छऊ नृत्य से संबंधित पारंपरिक पूजा-पाठ एवं धार्मिक परंपराओं की मूल भावना को अक्षुण्ण बनाए रखने पर जोर दिया गया।
राजकीय छऊ महोत्सव 2026 के सफल क्रियान्वयन हेतु गठित विभिन्न कोषांगों को उनके कार्य एवं जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को टीम भावना के साथ समन्वय स्थापित करते हुए महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया गया।
सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे अधीष्ठापित करने, ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने तथा यातायात प्रबंधन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। रात्रिकालीन कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति तथा नियमित गश्ती सुनिश्चित करने को कहा गया।
श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा हेतु पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन, संकेतक पट्टों की स्थापना एवं आवागमन मार्गों का सुव्यवस्थित निर्धारण करने पर बल दिया गया। साथ ही महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु विभिन्न संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान आयोजन समिति के सदस्यों से प्राप्त सुझावों पर विचार करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि छऊ महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान एवं गौरव का प्रतीक है, अतः इसके आयोजन में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।


Post a Comment

0 Comments

close