इस बार जनता दरबार में भूमि विवाद, जनकल्याण योजना की अनियमितता की बात उठ।
चांडिल,सरायकेला–खरसावां समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया।
जनता दरबार में भूमि विवाद, वृद्धा पेंशन एवं पारिवारिक लाभ पेंशन योजना में अवरोध, झारखंड मुख्यमंत्री माईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिलना, राजनगर अंचल अंतर्गत पंजी-2 में ऑनलाइन प्रविष्टि दर्ज कराने, नगर परिषद कपाली के वार्ड संख्या-3 के राशन लाभुकों हेतु नजदीक में नए राशन डीलर दुकान प्रारंभ करने, सड़क दुर्घटना में मृतक के आश्रित को मुआवजा भुगतान, आदित्यपुर हाउसिंग कॉलोनी में धनबाद जिले में पदस्थापित होमगार्ड जवान द्वारा किराए पर दिए गए क्वार्टर को खाली नहीं करने, तथा टेंटोपोशी एवं बड़ाकांकड़ा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत लंबित कार्यों को पूर्ण कर जलापूर्ति प्रारंभ करने सहित अन्य जनहित से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने प्राप्त सभी आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की यथाशीघ्र जांच कर त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजनों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन मामलों का निष्पादन तत्काल संभव है, उन्हें अविलंब निष्पादित किया जाए तथा शेष मामलों में शीघ्र जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।सरायकेला खरसावां जिला के साप्ताहिक जनता दरबार में आमजनों की समस्याओं से अवगत हुए उपायुक्त, त्वरित समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
उपायुक्त ने आमजनों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को बिना किसी संकोच के प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि उनका समुचित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

0 Comments