उपायुक्त ने अपने क्षेत्र के एस आई आर 20 26 कार्यक्रम को शत प्रतिशत सफल करने हेतु बुथ पर पहुंचे
चांडिल,SIR-2026 के अंतर्गत नगर परिषद कपाली क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों का जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने किया निरीक्षण, प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के दिए निर्देश.।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को नगर निगम आदित्यपुर, गम्हरिया एवं नगर परिषद कपाली के शहरी क्षेत्र स्थित सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण के क्रम में किसी कारणवश गणना प्रपत्र प्राप्त करने अथवा भरे हुए प्रपत्र जमा करने से वंचित रह गए पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने, भरे हुए प्रपत्र प्राप्त करने, उनके डिजिटलीकरण (Digitalization) तथा विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित अन्य आवश्यक कार्यों के निष्पादन हेतु इन विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) सूची के सत्यापन एवं अद्यतन का कार्य भी किया गया।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने नगर परिषद कपाली क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, डिजिटलीकरण, ASDD सूची के सत्यापन तथा अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की। उन्होंने शिविर में उपस्थित मतदाताओं से भी संवाद कर गणना प्रपत्र भरने एवं जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी परिस्थिति में किसी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए। उन्होंने घर-घर सत्यापन के कार्य में पूरी गंभीरता बरतते हुए ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) सूची का त्रुटिरहित संधारण सुनिश्चित करने तथा गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत संग्रहण एवं डिजिटलीकरण समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने आगामी 22 जुलाई को आयोजित होने वाली बीएलओ एवं बीएलए-2 की तृतीय बैठक के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि बैठक से पूर्व सभी लंबित कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा ASDD सूची का पूर्ण सत्यापन कर उसे त्रुटिरहित बनाया जाए। साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटलीकरण सुनिश्चित करते हुए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए।
इसी क्रम में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह ने नगर निगम आदित्यपुर एवं गम्हरिया के शहरी क्षेत्र स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, डिजिटलीकरण, ASDD सूची के सत्यापन तथा विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित अन्य कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं अन्य निर्वाचन कर्मी उपस्थित थे।



0 Comments