जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन कार्यकारणी समिति की बैठक सम्पन्न,।

जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन कार्यकारणी समिति की बैठक सम्पन्न,।









चांडिल,उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन कार्यकारणी समिति की बैठक सम्पन्न, पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं के विकास, सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने एवं खेल अधोसंरचना के बेहतर उपयोग के दिऐ निर्देश।
समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी  नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन कार्यकरणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों के विकास हेतु संचालित एवं प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए पर्यटक सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।य
बैठक के दौरान सीतारामपुर डैम, सतनाला डैम, डोबो, श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु मंदिर (राजनगर), भीमखंडा तथा श्मशान काली मंदिर, सरायकेला सहित जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से बोटिंग, कनेक्टिंग एप्रोच रोड, घाट एवं सीढ़ी निर्माण/विकास, रेलिंग, वॉल पेंटिंग, साइनेज (सूचनात्मक संकेतक), बैठने की व्यवस्था, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास से संबंधित प्रस्तावों पर बिंदुवार चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को स्वीकृत योजनाओं का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया।
बैठक में पर्यटन विभाग की श्रेणी-'बी' के अंतर्गत सांस्कृतिक मेला एवं पर्यटन महोत्सव के चयन के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया। इस क्रम में खरसावाँ छऊ महोत्सव एवं जायदा पर्यटन मेला का जिला स्तरीय समिति द्वारा स्थल भ्रमण कर निर्धारित मानकों के अनुरूप आकलन करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान आकर्षणी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु आवश्यक विद्युत व्यवस्था के लिए प्राप्त प्रशासनिक स्वीकृति एवं स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभाग को सभी कार्य नियमानुसार एवं निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप संपादित करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में निर्मित टेनिस, बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल कोर्ट के प्रभावी संचालन एवं अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी को समन्वय स्थापित कर विद्यालयों के इच्छुक विद्यार्थियों की नियमित सहभागिता सुनिश्चित करने, प्रशिक्षण गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा खेल अधोसंरचना का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के क्रम में जिला खेल पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में  चार नए डे-बोर्डिंग खेल प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना हेतु विभाग को पूर्व में प्रस्ताव प्रेषित किया जा चुका है। इस पर उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी को प्रस्ताव के संबंध में पुनः विभाग को पत्र प्रेषित करने, विभागीय स्तर पर आवश्यक समन्वय स्थापित करने तथा प्रस्ताव पर शीघ्र अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त  रीना हांसदा, नगर आयुक्त आदित्यपुर नगर निगम एजाज अनवर, जिला खेल पदाधिकारी श्री अमित कुमार सहित जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन कार्यकरणी समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments

close