उपायुक्त ने जिला के विभिन्न राजनीतिक पार्टी के प्रतिनिधि की बैठक में एस आई आर 2026 आगमी प्रक्रिया BLO-BLA-2 की दी गई जानकारी।
सरायकेला खरसावां,जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह-उपायुक्त की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित, BLO-BLA-2 की तृतीय बैठक एवं SIR-2026 की आगामी प्रक्रिया की दी गई जानकारी।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत 22 जुलाई, 2026 को आयोजित होने वाली BLO-BLA-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला के संबंध में आज समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सभी मान्यता प्राप्त एवं निबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत जिले में अब तक की प्रगति से अवगत कराया गया। बताया गया कि जिले में अब तक 95.53 प्रतिशत गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) प्राप्त हो चुके हैं तथा 47.59 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूर्ण किया जा चुका है। साथ ही ASDD (Absent, Shifted, Dead & Duplicate) सूची तैयार करने की प्रक्रिया भी प्रगति पर है। विधानसभावार डिजिटाइजेशन एवं ASDD की स्थिति से भी सभी प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया।
बैठक में SIR-2026 के आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि 30 जून से 29 जुलाई, 2026 तक घर-घर सत्यापन अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके उपरांत 29 जुलाई तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण, 05 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, 05 अगस्त से 04 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि, 05 अगस्त से 03 अक्टूबर तक दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन तथा 07 अक्टूबर, 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के BLA-1 से अनुरोध किया कि सभी BLA-2 आगामी 22 जुलाई को आयोजित होने वाली BLO-BLA-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला में अनिवार्य रूप से भाग लें तथा अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर संबंधित BLO के साथ समन्वय स्थापित करते हुए ASDD सूची निर्माण, गणना प्रपत्रों के सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन के कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के लिए सभी BLA-2 से सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग की अपील की गई।बैठक के दौरान BLA-2 की भूमिका एवं दायित्व, प्राप्त गणना प्रपत्रों के सत्यापन, ASDD सूची निर्माण, एक परिवार के सभी पात्र मतदाताओं का एक ही मतदान केंद्र पर नाम सुनिश्चित करने तथा त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम प्रारूप मतदाता सूची अथवा ASDD सूची में सम्मिलित हो जाता है, तो 05 अगस्त से 04 सितंबर, 2026 तक निर्धारित दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान संबंधित प्रपत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत कर उनका नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल कराया जा सकता है।बैठक के अंत में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान में सक्रिय सहयोग एवं जन-जागरूकता बढ़ाने की अपील की गई। उनसे अनुरोध किया गया कि वे पात्र मतदाताओं को समय पर सत्यापन, गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन तथा दावा-आपत्ति की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। जनसहभागिता एवं सभी हितधारकों के सहयोग से ही शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन मतदाता सूची का निर्माण संभव है।
बैठक में निर्वाची निबंधक पदाधिकारी, 57-खरसावां विधानसभा क्षेत्र-सह-अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, निर्वाची निबंधक पदाधिकारी, 51-सरायकेला विधानसभा क्षेत्र-सह-अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त एवं निबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

0 Comments