19 जुलाई, 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड प्रतियोगिता परीक्षा-2024 को शांति पूर्वक सफल हेतु बैठक।
चांडिल,झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित।
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा दिनांक 19 जुलाई, 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर आज नगर भवन, सरायकेला के सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त स्टैटिक दण्डाधिकारी, सेक्टर दण्डाधिकारी, उड़नदस्ता दण्डाधिकारी, पेट्रोलिंग दण्डाधिकारी, ऑब्जर्वर, केंद्राधीक्षक एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा का संचालन पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में कराया जाए। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित समय से पूर्व अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहकर सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास को सुव्यवस्थित करने, प्रश्नपत्र एवं अन्य परीक्षा सामग्रियों के सुरक्षित वितरण, उत्तरपुस्तिकाओं के संकलन, सीलबंदी तथा परीक्षा उपरांत निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा कराने की प्रक्रिया का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने सभी केंद्राधीक्षकों को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा निर्गत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेने तथा परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व प्रत्येक केंद्र पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पर्याप्त बेंच-डेस्क, समुचित प्रकाश व्यवस्था हेतु बल्ब, विद्युत पंखे, कार्यशील दीवार घड़ी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, कदाचार अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी आपसी समन्वय, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए परीक्षा की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखें।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने अपने संबोधन में कहा कि सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने हेतु कार्य करें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों एवं उसके आसपास सतत निगरानी रखने, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अवांछित अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं गरिमा बनाए रखना सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान संयुक्त आदेश में वर्णित विभिन्न दायित्वों, परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन एवं संधारण, प्रश्नपत्र वितरण, उत्तरपुस्तिका संकलन, सीलबंदी, स्ट्रांग रूम में जमा करने की प्रक्रिया, स्टैटिक, सेक्टर, उड़नदस्ता एवं पेट्रोलिंग दण्डाधिकारियों की भूमिका तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा के सफल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु पूर्ण सजगता, अनुशासन एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

0 Comments