जिला में जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से क्रमवार मिले,उनके समस्या से रूबरू हुए।
चांडिल,साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से क्रमवार मिले उपायुक्त, प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निराकरण हेतु संबंधित पदाधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
चांडिल,उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के तहत साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत किए।
जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों से क्रमवार मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता पूर्वक संज्ञान लिया। इस दौरान कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निराकरण किया गया। वहीं जिन मामलों में विभागीय कार्रवाई अपेक्षित थी, उनसे संबंधित आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निष्पादन हेतु संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में मुख्य रूप से राशन कार्ड में नाम जोड़ने, आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने, राइट टू एजुकेशन (R T E) अधिनियम के अंतर्गत बीपीएल कोटा से आदित्यपुर स्थित निजी विद्यालय में एलकेजी कक्षा में नामांकन, रैयती भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध घेराबंदी, गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत चौड़ा पंचायत में वंशावली निर्गत करने हेतु ग्राम प्रधान द्वारा अनुमोदन नहीं दिए जाने से उत्पन्न समस्या, भूमि विवाद सहित विभिन्न विभागों से संबंधित जन शिकायतों एवं लोकहित से जुड़े मामलों के आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने कहा कि साप्ताहिक जनता दरबार आम नागरिकों एवं जिला प्रशासन के मध्य संवाद का एक प्रभावी माध्यम है, जिसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा गंभीर प्रकृति के मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए।

0 Comments